माधौगंज। थाना क्षेत्र के पिलखना निवासी गल्ला व्यापारी की बाइक की डिकी तोड़कर रुपयों भरा झोला पार कर दिया गया। झोले में 5.70 लाख रुपये थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पिलखना निवासी सुरेश पाल की गल्ला मंडी में आढ़त है। रामचरण रोहन पाल ट्रेडिंग कंपनी के नाम से उनकी फार्म है। इन दिनों मंडी में मूंगफली आ रही है। बुधवार की सुबह लगभग चार बजे वह गांव से मंडी स्थित दुकान पर पहुंच गए थे। उनकी बाइक में झोला रखा था। उसमें 5.70 लाख रुपये थे। बाइक खड़ी करने के बाद मूंगफली की खरीद फरोख्त करने लगे। इसी दौरान किसानों को रुपये देने के लिए बेटे से बाइक की डिकी से झोला मंगवाया तो झोला गायब मिला।
जानकारी मिलते ही सुरेश सकते में आ गए। डिकी तोड़कर रुपयों भरा झोला पार किए जाने की सूचना पर बड़ी संख्या में व्यापारी भी एकत्र हो गए। दूसरी ओर बिलग्राम के क्षेत्राधिकारी सतेंद्र सिंह भी मंडी पहुंचे और घटना की जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक ध्रुव कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। दावा किया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।