बिलग्राम। कस्बा के मोहल्ला मलकंठ निवासी गल्ला व किराना व्यवसायी की संपत्ति विवाद में पत्नी, बेटे व नाबालिग बेटी ने गोली मारकर हत्या कर दी।
इसके बाद आरोपी घर में ही शव दफनाने की तैयारी में थे, लेकिन आसपास के लोगों की सक्रियता के चलते वह अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। पुलिस ने शुक्रवार को दूसरे बेटे की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम कराया।
कस्बे के मोहल्ला मलकंठ निवासी गल्ला व किराना व्यवसायी नरेंद्र उर्फ बबलू (48) पत्नी नीलम, बेटे दुर्गेश, दिवाकर व सोलह वर्षीय बेटी समेत एक अन्य छोटी बेटी के साथ रहते थे।
पिछले कुछ समय से पत्नी व एक बेटा संपत्ति बेचने का उस पर दबाव बना रहे थे, जिसको लेकर उनकी आपस में अनबन चल रही थी। गुरुवार को इसी को लेकर व्यवसायी का पत्नी नीलम, बेटे दुर्गेश व बेटी के साथ विवाद हुआ।
विवाद के बाद दुर्गेश ने तमंचे से व्यवसायी को गोली मार दी। पेट में गोली लगने पर खून से लथपथ नरेंद्र उर्फ बबलू जमीन पर गिर पड़ा। इधर घर से गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घर के बाहर एकत्र हो गए और अनहोनी की आशंका पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। घर में नरेंद्र घायल अवस्था मेें एक गड्ढे में पड़ा मिला, इस पर आनन फानन में उसे सीएचसी ले जाया गया। चिकित्सकों की सलाह पर उसे जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, रास्ते में उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सीओ विशाल यादव व इसके बाद एएसपी पूर्वी अनिल यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान घर में एक गड्ढा खुदा मिला।
पूछताछ के दौरान परिजन पुलिस को बरगलाने की कोशिश करते रहे, हालांकि रात में हुई पूछताछ के दौरान पत्नी नीलम, बेटे दुर्गेश व बेटी ने विवाद के बाद दुर्गेश द्वारा नरेंद्र को तमंचे से गोली मारे जाने की बात स्वीकार की।
बताया कि हत्या करने के बाद वह शव को घर के आंगन में खोदे गए गड्ढे में दफन करने वाले थे। पुलिस ने शुक्रवार को व्यापारी के दूसरे बेटे दिवाकर की तहरीर पर आरोपी पत्नी, बेटे व बेटी के खिलाफ हत्या करने व शव छुपाने का प्रयास करने की धाराओं मेें रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस ने दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों से पूछताछ कर उन्हेें जेल भेज जाएगा।