हरदोई। रोडवेज बस स्टेशन पर रविवार को पीईटी अभ्यर्थियों को बसों के लिए लंबा इंतजार तो नहीं करना पड़ा, लेकिन बसों में सीट पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। परीक्षा छूटने के बाद लखनऊ और कानपुर रूट की बसों में यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। सीटें भर जाने के कारण कई अभ्यर्थियों को खड़े होकर सफर करना पड़ा। इसका खामियाजा सामान्य यात्रियों को भी भुगतना पड़ा।
हरदोई डिपो से करीब 230 बसों का विभिन्न मार्गों पर संचालन किया जाता है। पीईटी परीक्षा में शामिल होने के लिए अंबेडकरनगर, गोरखपुर, उन्नाव और लखनऊ समेत कई जिलों से अभ्यर्थी हरदोई पहुंचे थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी को अपने गंतव्य तक पहुंचने की जल्दी थी। ऐसे में बस स्टेशन पर एक साथ यात्रियों की संख्या बढ़ गई। सबसे अधिक भीड़ लखनऊ और कानपुर रूट की बसों में देखने को मिली। बस स्टेशन पहुंचते ही अभ्यर्थी अपनी सीट सुरक्षित करने के लिए बसों की ओर दौड़ते नजर आए। कई बसों में सीटें पहले ही भर गईं। इसके बाद पहुंचने वाले यात्रियों को खड़े होकर यात्रा करनी पड़ी। लंबी दूरी के यात्रियों को इससे अधिक परेशानी हुई।
सामान्य यात्रियों को भी हुई दिक्कत
अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ने से नियमित यात्रियों के लिए भी बसों में जगह पाना मुश्किल हो गया। रोजमर्रा के काम से यात्रा करने वाले लोगों को भीड़ के बीच बसों में चढ़ने और बैठने के लिए इंतजार करना पड़ा। हालांकि, बसों की उपलब्धता रहने से यात्रियों को स्टेशन पर घंटों खड़े रहने की नौबत नहीं आई, लेकिन भीड़ के कारण सफर आरामदायक नहीं रहा।