परिवहन विभाग के अफसरों की उदासीनता से नगर मेें आज तक बस स्टैंड नहीं बन
सका। इससे यात्रियाें को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हरदोई-कानपुर
और बरेली के बीच इस रूट से सारे दिन बसों का आवागमन होता है, पर जिम्मेदार
कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
हरदोई से कानपुर,
दिल्ली, लखनऊ और बरेली समेत अलग-अलग रूटों पर प्रतिदिन यहां से करीब 700 से
900 यात्री रोडवेज बसों से यात्रा करते हैं, पर गर्र्मी हो या बरसात, बस
का इंतजार आज भी सड़क पर खड़े होकर करना पड़ता है। यदि यात्री किसी दुकान
के सामने खड़े होते हैं, तो उन्हें दुकानदार की झिड़की झेलनी पड़ती है।
सड़क पर खड़े बस का इंतजार कर रहे रमेश, राममिलन, रामसेवक, पप्पू, रामवती
आदि ने कहा कि घंटों बस का इंतजार उन्हें खड़े रहकर करना पड़ता है। कई बार
विधायक और विभागीय अफसरों से बस स्टैंड बनवाने की मांग की, पर इस ओर किसी
ने ध्यान नहीं दिया।
हर बार विस चुनाव में बस स्टैंड का मुद्दा उठता है।
उस दौरान चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी भी इसको प्राथमिकता से बनवाने का
वादा करते हैं, पर चुनाव जीतने के बाद सब भूल जाते हैं। नीपेश राठौर, ललित
किशोर, कमलेश कुमार ने कहा कि तेज धूप और बारिश के समय बस के इंतजार में
परेशान होना पड़ता है।
उन्होंने परिवहन विभाग के अफसरों से रोडवेज बस
स्टैंड बनवाने की मांग की है। उधर, बसपा विधायक बृजेश वर्मा ने बताया कि बस
स्टैंड के लिए प्रशासनिक स्तर पर बातचीत की गई है। जगह मिलने पर अपनी निधि
से निर्माण कराऊंगा।