गन्ने की फसल में लगी आग बुझाते दमकल कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के पाटकुंआ में गुरुवार को हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गन्ने की फसल पर गिर गया। बिजली की आपूर्ति चालू होने के कारण आग भड़क उठी। आग की चपेट में आकर कई किसानों का करीब 50 बीघा गन्ना जल गया। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अधीक्षण अभियंता विद्युत ने राजस्व विभाग की आख्या के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।
कोतवाली अंतर्गत पाटकुंआ गांव के खेतों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन निकली है। ज्यादातर ग्रामीणों खेतों में गन्ने की फसल खड़ी है। गुरुवार को दोपहर करीब एक बजे हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गन्ने की फसल में गिर गया। बिजली की आपूर्ति चालू थी। इसके चलते गन्ने की फसल में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग पहुंचे और शोर मचाकर मदद के लिए ग्रामीणों क ो बुलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास चालू किया। पर आग की लपटें आसपास के खेतों में खड़ी गन्ने फसल को चपेट में लेने लगी। इस दौरान ग्रामीणों ने आग लगने की सूचना फायर स्टेशन व पुलिस को दी। सूचना पर दमकल की एक गाड़ी पहुंची। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आकर गांव निवासी संतोष कुमार सिंह की 12 बीघा, छोटेलाल का 4 बीघा, विनोद का 4 बीघा, राधे का दो बीघा, महिपाल का 10 बीघा और उदयवीर का पंद्रह बीघा समेत करीब 50 बीघा गन्ना जल गया। मौके पर कोतवाल आनंद त्रिपाठी पहुंचे और राजस्वकर्मियों को जानकारी दी। राजस्वकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग से हुए नुकसान का आंकलन किया है। कोतवाल ने बताया कि मामला संज्ञान में है। इस संबंध में तहरीर मिली है। मामले की पड़ताल कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधीक्षण अभियंता ने बताया मामला संज्ञान में है। राजस्व विभाग की आख्या के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर पिहानी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नागर निवासी मसरूर खां के गन्ने के खेत में हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से लगी आग की चपेट में आकर करीब दो बीघा फसल जल गई।