हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमिरता में एक युवती मकान के छज्जे से छूते हुए निकली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। युवती धू-धूकर जलने लगी और कुछ देर बाद नीचे सड़क पर आ गिरी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
ग्राम अमिरता निवासी मधुरपाल खेती करते हैं। उनकी पुत्री नीमा (18) गुरुवार की दोपहर बाद धूप में बैठने के लिए छत पर गई थी। इसी दौरान वह छज्जे तक जा पहुंची और नीचे की ओर झांकने लगी। इस पर निकली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर वह धू-धूकर जलने लगी। यह देखकर मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया, लेकिन कोई भी उसे बचाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। कुछ देर तक जलने के बाद युवती नीचे सड़क पर आ गिरी और उसकी मौत हो गई। देहात कोतवाली के कोतवाल रंधा सिंह ने बताया कि शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।