हरदोई। रविवार से शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरु हो गया। पहले दिन पिहानी चुंगी से डीएम चौराहे के मध्य शाहजहांपुर मार्ग पर चलाए गए अभियान का लोगों ने अधिकारियों से विरोध भी किया।
अधिकारियों ने जेसीबी से अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रखा और नाला सीमा तक अतिक्रमण को हटवाया और तुड़वाया भी। पुलिस फोर्स ने विरोध कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया।
शहर में आवागमन और पानी निकासी की समस्या के समाधान के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरु कराया गया है, ताकि नाला-नालियों तक अतिक्रमण मुक्त कराते हुए इनकी साफ-सफाई भी कराई जा सके। प्रशासन की ओर से शुरु कराए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान की एसपी आवास के सामने से शुरुआत हुई। यहां पर नाले के आगे फुटपाथ तक हरियाली के नाम पर किए गए अतिक्रमण को जेसीबी मशीन से तुड़वा दिया गया। जाल और टी-गार्ड आदि भी तुड़वा दिया गया।
इसके बाद एक-एक कर नाले तक किए गए अतिक्रमण को हटवाया और तुड़वाया। सिटी मजिस्ट्रेट एसके त्रिवेदी, सीओ सिटी अंकित मिश्रा, अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी, शहर कोतवाली नारायण कुमार कुशवाहा सहित फोर्स के साथ टीम ने चिह्नित अतिक्रमण को तुड़वा दिया। पिहानी चुंगी के पास करीब डेढ़ बजे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान दुकानदारों की ओर से स्वयं हटाई गई टिनशेड के जाल को तोड़ने पर दुकानदारों ने टीम का विरोध किया। अधिकारियों ने दोबारा अतिक्रमण करने पर जुर्माना की चेतावनी और पुलिस फोर्स ने समझाकर लोगों को शांत करा दिया। इसके बाद व्यापार मंडल पदाधिकारी भी पहुंचे। नाले की सीमा से आगे तक दुकानों पर डाली गई टिनशेड को न हटवाए जाने का पक्ष रखा लेकिन, इस पर सहमति नहीं बन सकी।
जेसीबी मशीन देख जब दुकानदारों ने नाले से पटरा स्वयं हटवाए तो, नाले में पड़ी शीतल पेय पदार्थ, पानी और अन्य खाली बोतल, पॉलिथीन और दोना आदि देखकर पानी निकासी न होने की बात स्वीकारी। पिहानी चुंगी पर सड़क तक दुकान और काउंटर लगाने वाले दुकानदार रविवार को अभियान के दौरान नाला की सीमा के अंदर ही सिमटे रहे। नाला पर डाले गए पटरों को जेसीबी मशीन से हटाए जाने के दौरान टूटने की आशंका पर पहले ही हटाकर दुकान के अंदर तक रख लिए गए। पटरों के हटते ही नाले-नालियों की साफ-सफाई की स्थिति सामने आ गई। नाला गंदगी और ठोस मलबा से पटे मिले। पेट्रोल पंप के पास तो, नाला में ईंट-बजरी तक भरी निकली। नाला पर स्लैब डालकर ऊपर से इंटरलॉकिंग करा दिए जाने से नाले के सीमांकन में भी दिक्कत आई।
अतिक्रमण हटाओ अभियान समिति के अध्यक्ष सिटी मजिस्ट्रेट एसके त्रिवेदी ने अभियान के दौरान ने बताया कि बिना भेदभाव के नाले की सीमा तक अतिक्रमण हटवाया जाएगा। नाला को अतिक्रमण मुक्त कराया जाना है। नाला पर डाले गए पटरों और स्लैब को हटवाया जाएगा। इसी के साथ दुकानदारों की ओर से नाले के बाहर तक लगाए गए टिनशेड, जीना, जाली आदि को भी हटवाया जा रहा है। अतिक्रमणकारियों को लगातार स्वयं से अतिक्रमण हटा लेने की चेतावनी दी जा रही थी, लेकिन जिन लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया है। उसे जेसीबी से हटवाया जा रहा है और यह अभियान 14 सितंबर तक जारी रहेगा।