भगवान बुद्ध की जयंती सोमवार को जिले में श्रद्धाभाव व
हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। भारतीय बौद्ध महासभा के तत्वावधान में डा.
अंबेडकर पार्क के पास बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर भगवान बुद्ध का पूजन अर्चन
के बाद गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें भगवान बुद्ध के चरित्र व कृतित्व पर
प्रकाश डाला गया।
बौद्ध अनुयायियों ने शहर के कई प्रमुख मार्गों से
शोभायात्रा निकाली। भारतीय बौद्ध महासभा के तत्वावधान में डा. अंबेडकर
पार्क के पास बुद्ध पूर्णिमा श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम
की शुरुआत भिक्षु अनोदस्ती द्वारा त्रिशण एवं पंचशील प्रदान कर बुद्ध वंदना
से हुआ। वंदना के बाद निरीक्षण भवन से एक शोभायात्रा निकाली गई।
अश्वरथ पर
भगवान बुद्ध की प्रतिमा के पीछे बौद्ध धर्म की तमाम महिलाएं, पुरुष और
बालक-बालिकाओं ने बुद्धम शरणम् गच्छामि के मंत्र का उद्बोधन कर बुद्ध की
शरण में जाने का संदेश देकर भारत में शांति स्थापना की अपील की। शोभायात्रा
कई मार्गों से होकर गुजरी जहां से होते हुए वापस निरीक्षण भवन में समाप्त
हुई।
जहां आयोजित गोष्ठी में अध्यक्ष अरुणेंद्र कुमार गौतम ने कहा कि
प्राचीन काल से ही भारत के विश्व में दूसरे देशों से बौद्धधम्म के कारण
घनिष्ठ संबंध हुए। उन्होंने कहा कि बुद्ध के विचार संसार के अनेक देशों
में पहुंचे। प्रांतीय अध्यक्ष एबी लाल ने कहा कि सभी लोग सांप्रदायिक व जात
पात की जंजीरों, दार्शनिक मान्यताओं एवं कर्मकांडों को छोड़कर विशुद्ध
धर्म को धारण करें।
महामंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि अत्तदीपो भव से बुद्ध
स्वावलंबी होने की प्रेरणा देते हैं। प्रेम शंकर गौतम ने कहा कि मनुष्य
द्वारा शील से प्रतिष्ठित आचरण करने पर ही उसका कल्याण हो सकेगा। गोष्ठी
में अंबेडकर विद्यालय हर्षनगर के बच्चों ने अंगुलिमाल नाटक का मंचन किया।
इस मौके पर अशोक सेन, रामभजन वर्मा, रामपाल गौतम, आरसी वर्मा, आरए सेठ और
बीसी सत्यार्थी आदि मौजूद थे। उधर, प्रगतिनगर स्थित सरस्वती बाल गोपाल
विद्यालय में भी भगवान बुद्ध की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाई गई
और उनके संदेशों से छात्र-छात्राओं को अवगत कराया गया।
विद्यालय प्रबंधक
दयाराम राठौर ने भगवान बुद्ध के चित्र पर माल्यार्पण कर ज्योति जलाई।
उन्होंने विद्यालय के बच्चों को
भगवान बुद्ध के जीवन परिचय के बारे में
बताया। अंत में बताया कि छह वर्ष की कठिन तपस्या के बाद उन्हें ज्ञान
प्राप्त हुआ और वह बुद्ध कहलाए।
टीचर सुमन भटनागर, नरेंद्र सिंह राठौर और
दीपिका अवस्थी ने भी बच्चों को ज्ञानप्रद बातें बताईं। विद्यालय प्रांगण
में भगवान बुद्ध से संबंधित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता भी हुई। प्रतियोगिता
में काजल बानो को प्रथम स्थान, रक्षा गुप्ता द्वितीय, ऋषि गुप्ता तृतीय,
अमीषा चौधरी को चौथा और हर्ष तिवारी कां पांचवां स्थान मिला, जबकि सांत्वना
पुरस्कार क्षमा गुप्ता व जय किशन सिंह गौर को दिया गया।