बिलग्राम। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धरमपुर में गाली-गलौज का विरोध करने पर एक परिवार पर घर में घुसकर हमला कर दिया गया। हमले में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। भाइयों ने नेकपुर नेवादा गांव के कुछ लोगों पर तमंचा, चाकू और लाठी-डंडों से लैस होकर घर में घुसे और पूरे परिवार को बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया। घायलों का उपचार किया जा रहा है। क्षेत्राधिकारी के निर्देश पर पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कोतवाली क्षेत्र के धरमपुर गांव निवासी पंकज और अनिल ने बिलग्राम सीओ को तहरीर दी। बताया कि गांव के ही कुछ युवक आए दिन नशे में धुत होकर उनके घर के आसपास गाली-गलौज और अभद्रता करते थे। बीते तीन जून की शाम करीब साढ़े आठ बजे भी जब आरोपी गाली-गलौज कर रहे थे तो उन्होंने विरोध किया। आरोप है कि कुछ ही देर में नेकपुर नेवादा निवासी विनोद कुमार, अभिषेक, रोहित, सोभित और आकाश कुमार हथियार लेकर उनके घर आ गए। इनमें से अभिषेक के हाथ में चाकू और रोहित के पास में अवैध तमंचा था जबकि बाकी आरोपी लाठी-डंडों और ईंट-पत्थर लिए थे। सभी ने घर में घुसकर मारापीटा। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सीओ के निर्देश पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। कोतवाल विजय कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी करने का प्रयास किया जा रहा है।