पिहानी (हरदोई)। पिहानी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कस्बे के मोहल्ला भाटनटोला में दो मकानों के बीच एक शौचालय के इस्तेमाल को लेकर विवाद हो गया। गुस्साए बड़े भाई और भतीजों ने लाठी डंडों से पीटकर अधेड़ की हत्या कर दी। पुलिस तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मोहल्ला भाटनटोला निवासी दिनेश कश्यप (47) खेती करता था और ज्यादातर बीमार रहता था। उसके पड़ोस में ही भाई अनंतराम कश्यप का भी मकान है । यूं तो दोनों परिवारों के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता है लेकिन शनिवार को खेत जाते समय दिनेश और अनंतराम की साइकिल आपस में टकरा गई थी। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था । इस विवाद के बाद रविवार शाम लगभग चार बजे दोनों मकानों के बीच बने एक शौचालय में शौच जाने को लेकर सुबह हुए विवाद के क्रम में फिर मारपीट हो गई।
घटना में अनंतराम कश्यप ने अपने बड़े भाई राम भरोसे के बेटों गुड्डू और राजीव के साथ मिलकर दिनेश की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। मौके पर ही दिनेश की मौत हो गई । जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह, क्षेत्राधिकारी हरियावां संतोष कुमार सिंह और पिहानी कोतवाल धर्मदास सिद्धार्थ मौके पर पहुंच गए। अपर पुलिस अधीक्षक के मुताबिक तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।