फोटो-29-जिला कारागार की पाकशाला में सब्जी के बारे में जानकारी लेते जिला जज विनोद कुमार। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। जनपद न्यायाधीश विनोद कुमार ने कहा है कि जिला कारागार के बंदियों को नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन समय से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया। जिला जज ने सोमवार को डीएम और एसपी के साथ जिला कारागार का निरीक्षण किया।
सोमवार दोपहर जिला कारागार पहुंचे जिला जज विनोद कुमार, डीएम अविनाश कुमार एसपी अनुराग वत्स जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सबीहा खातून और प्रभारी सीजेएम अल्का पांडेय ने संयुक्त रूप से सभी बैरकों का निरीक्षण किया।
उन्होंने बंदियों और कैदियों से भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। पाकशाला का भी निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिला जज ने जेल अधीक्षक बृजेंद्र सिंह यादव को निर्देश दिए कि बीमार बंदियों का नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कराएं और जरूरत के अनुसार दवाएं उपलब्ध कराएं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महिला बंदियों के अलावा उनके बच्चों से भी मुलाकात की। जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि बच्चों को दूध और फल भी हर रोज दिया जाए।