लूट के शिकार हरिनाम से जानकारी लेते लोनार कोतवाल आरके राय। संवाद
- फोटो : HARDOI
बावन। लोनार कोतवाली क्षेत्र में बदमाशों ने बोलेरो चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और बावन के निकट नहर में फेंककर बोलेरो और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अटवा असिगवां निवासी हरिनाम राठौर पुत्र राजपाल राठौर बोलेरो किराये पर चलाता है। हरिनाम ने बताया कि रविवार शाम उसके पास फोन आया और बोलेरो पिहानी चुंगी लाकर बुकिंग पर चलने को कहा। शाम सात बजे हरिनाम पिहानी चुंगी पहुंचा और यही से तीन लोग बोलेरो में बैठ गए। हरिनाम के मुताबिक बोलेरो में सवार लोगों ने उसे नशीला पदार्थ खिला दिया।
रविवार तड़के जब उसे होश आया तो वह नहर में पड़ा था। नहर के पास स्थित ग्राम बरखेरा रिश्तेदार के यहां पहुंचा और वहीं से परिजनों को भी घटना की जानकारी दी। बरखेरा निवासी रिश्तेदार हरिनाम को लेकर उसके गांव अटवा असिगांव गए और फिर बावन पुलिस चौकी पहुंचकर जानकारी दी। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी त्रिगुण विसेन, सीओ हरपालपुर राकेश वशिष्ठ और लोनार कोतवाल राजेश कुमार राय मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ हरपालपुर राकेश वशिष्ठ ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। सर्विलांस टीम की मदद ली जा रही है। उन्होंने बताया कि हरिनाम कई बार बयान बदल चुका है।