हरदोई। मझिला थाना क्षेत्र के हाथीपुर गांव में बुधवार शाम लापता हुई मासूम का शव बृहस्पतिवार सुबह बाढ़ के पानी में उतराता मिला। शव मिलते ही परिजन बिलख पड़े। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया।
हाथीपुर निवासी श्रवण द्विवेदी की बेटी मिष्ठी उर्फ आरुषी (6) बुधवार शाम मकान के बाहर खेलते समय लापता हो गई थी। परिजनों ने पूरे गांव के साथ ही आस पास के गांवों में भी उसकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। बृहस्पतिवार सुबह परिजन फिर से उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान गांव के पूरब में भरे बाढ़ के पानी में आरुषी का शव उतराता मिला। शव मिलते ही परिजन बदहवास हो गए। मृतका दो भाई बहनों में छोटी थी। परिजनों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष वीर बहादुर सिंह ने बताया कि अभी परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अगर कुछ संदिग्ध मिलता है तो जांच की जाएगी।