हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के सेवा निवासी युवक का शव शनिवार रात लखनऊ दिल्ली रेलवे ट्रैक पर सेवा गांव की रेलवे क्रॉसिंग के पास मिला। घटना का पता चलने पर परिजन में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम शनिवार को कराया।
सेवा निवासी मोरध्वज (26) खेती करते थे। शनिवार शाम मोरध्वज गांव निवासी एक शख्स के यहां गया था। इसके बाद वापस घर नहीं पहुंचा। परिजन ने तलाश की लेकिन इस दौरान उसका शव गांव के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग के निकट रेलवे ट्रैक पर मिला। मृतक के चाचा सुनील का दावा है कि गांव निवासी एक व्यक्ति ने मोरध्वज से 4.90 लाख रुपये में खेत का बैनामा पांच अप्रैल को कराया था लेकिन 72 हजार रुपये ही दिए थे।
19 अक्तूबर को मोरध्वज बकाया रुपये मांगने खेत खरीदने वाले व्यक्ति के पास गया था। चाचा का आरोप है कि तब उस शख्स ने मोरध्वज को दौड़ा लिया था। बताया कि शनिवार को भी वह रुपये मांगने उसी व्यक्ति के पास गया था और इसके बाद मोरध्वज का शव मिला। सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि परिजन ने घटना को लेकर कोई आरोप पुलिस के सामने नहीं लगाए। कोई लिखित शिकायत भी नहीं दी। फिर भी सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।