हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के भौता कमालपुर गांव में एक विवाहिता ने बेटी के दुपट्टे से कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय पति बेटी की फीस जमा करने गया था जबकि बेटी और सास को विवाहिता ने बाहर काम से भेज दिया। मायके पक्ष ने फिलहाल कोई आरोप नहीं लगाया गया।
गांव निवासी स्वामी दयाल मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। वह गांव में अपनी पत्नी सरिता (32) समेत दो बेटियों सौम्या और पूर्णिमा, बेटे अनिकेत व बुजुर्ग मां के साथ रहते हैं। स्वामी दयाल ने बताया कि शुक्रवार को वह पत्नी की दवा लेकर घर लौटे थे। इसके बाद छोटी बेटी पूर्णिमा की फीस जमा करने चले गए। घर में पत्नी, बेटी पूर्णिमा और उसकी बुजुर्ग मां मौजूद थीं। स्वामी दयाल के मुताबिक वह घर लौट रहे थे तभी पूर्णिमा दौड़कर उनके पास पहुंची और बताया कि मां ने कमरे में दीदी के दुपट्टे से फंदा लगा लिया।
पूर्णिमा ने बताया कि सरिता ने उसे खेत और सास को बाहर भेज दिया था। इसके बाद कमरे में खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। स्वामी दयाल ने सीतापुर जिले के मिश्रिख थाना क्षेत्र के जलालपुर स्थित सरिता के मायके में सूचना दी। मायके पक्ष की तरफ से कोई आरोप नहीं लगाया गया है। थानाध्यक्ष इख्तियार हुसैन ने बताया कि आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।