हरदोई। बीती 27 जून की सुबह लखनऊ-दिल्ली रेलमार्ग पर देहात कोतवली क्षेत्र में दो टुकड़ों में मिले शव की पहचान शनिवार रात हो गई। सांडी नगर के खिड़किया मोहल्ला निवासी दृगपाल ने शव की पहचान अपने पिता रामचंद्र के रूप में की।
सांडी नगर के खिड़किया मोहल्ला निवासी रामचंद्र (70) बीमार रहते थे। पुत्र दृगपाल के मुताबिक उनकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी। बीते बृहस्पतिवार की शाम वह सब्जी लेने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद वह घर वापस नहीं आए। 27 जून की सुबह लखनऊ-दिल्ली रेलमार्ग पर हरदोई रेलवे स्टेशन व चांदमारी के बीच देहात कोतवाली क्षेत्र में अप रूट के ट्रैक पर एक बुजुर्ग का शव पड़ा मिला था। बनारस-बरेली एक्सप्रेस की चपेट में आने से उनकी मौत हुई थी। पुलिस ने शव कब्जे में लिया। पहचान न होने पर पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवा दिया था।
रामचंद्र के घर न पहुंचने पर परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। मृतक के पुत्र के मुताबिक उसने अमर उजाला के 28 जून के अंक में देहात कोतवाली क्षेत्र में एक शव मिलने की खबर पढ़ी थी। इसके बाद वह शनिवार रात नौ बजे देहात कोतवाली पहुंचा। वहां फोटो देखकर उसने पिता की पहचान की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरा। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के पुत्र ने बताया कि इससे पहले भी तीन बार वह बिना बताए घर से जा चुके थे। तीनों बार उन्हें खोज निकाला था। मृतक के परिवार में दो पुत्र व एक पुत्री है। उनके एक पुत्र की मौत पहले ही हो चुकी है।