हरदोई। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के लिए बनाए गए परीक्षा केंद्रों को पुन: सत्यापन किया जाएगा। प्रशासन की ओर से विद्यालयोंं से प्राप्त प्रत्यावेदन के साथ - साथ सभी सूची में शामिल सभी परीक्षा केंद्रों को सत्यापन करेंगे। बोर्ड से जारी परीक्षा केंद्रों की सूची से दो दर्जन से अधिक विद्यालयों के कटने और 10 से 12 नये विद्यालयों को सूची में शामिल होने की संभावना बन रही है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के लिए 148 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इनमें राजकीय के 17, एडेड के 51 और वित्त विहीन के 80 विद्यालय शामिल है। इस बार विगत वर्ष परीक्षा के सापेक्ष 24 नये विद्यालयों को स्थान दिया गया है। जिसमें अधिकांश वित्त विहीन विद्यालय शामिल है। बोर्ड से जारी सूची में कई ऐसे विद्यालय भी शामिल है, जिनमें संसाधन ही नहीं है।
वहीं कई में आवंटित विद्यार्थियों की संख्या के सापेक्ष बैठाने के स्थान नहीं हैं। इसके अलावा कई ऐसे विद्यालय भी शामिल है, जिनके विद्यार्थियों को मानक से अधिक दूरी पर लगा दिया गया था। 109 विद्यालयों की ओर से परीक्षा केंद्र को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। विद्यालयों की ओर से दर्ज शिकायतों के का स्थलीय सत्यापन कराया जाएगा।
इसके अलावा विद्यालय सूची में शामिल सभी विद्यालयों का भी स्थलीय सत्यापन किया जाएगा। जिलाधिकारी राहुल पांडेय की ओर सभी उपजिलाधिकारियोें को तहसील क्षेत्र में संचालित विद्यालयों को स्थलीय सत्यापन के निर्देश जारी किए है। प्रशासनिक अधिकारियों के स्थलीय सत्यापन के बाद परीक्षा केंद्र की सूची में खासा परिवर्तन देखने को मिल सकता है।