हरदोई। संडीला ब्लॉक प्रमुख के पति पर ब्लॉक लिपिक को पीटने का आरोप लगा है। लिपिक का कहना है कि एक लाभार्थी को आवास की किस्त जारी नहीं करने पर उन्होंने उसे पीटा। वहीं ब्लॉक प्रमुख पति का कहना है कि लिपिक ने पत्नी से अभद्रता की थी, इसकी जानकारी पर वह ब्लॉक गए थे लेकिन लिपिक को पीटने की बात गलत है।
संडीला ब्लॉक परिसर में रविवार देर शाम ब्लॉक प्रमुख के पति अमित गुप्ता और बाबू मोहित दुबे में विवाद हो गया। इसके बाद देर रात लिपिक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
लिपिक का आरोप है कि ब्लॉक प्रमुख पति शनिवार शाम ब्लॉक आए और अपने परिचित को तत्काल पीएम आवास योजना के तहत किस्त जारी करने का दबाव बनाने लगे। इस पर उसने खंड विकास अधिकारी को फोन लगाकर अमित गुप्ता की बात कराई।
खंड विकास अधिकारी ने कहा कि रविवार को भुगतान नहीं हो पाएगा, इसलिए सोमवार को करेंगे। इस बात से नाराज अमित गुप्ता ने उसे पीटना शुरू कर दिया।
इस बारे में ब्लॉक प्रमुख के पति अमित गुप्ता का कहना है कि लिपिक ने पत्नी के साथ अभद्रता की थी। इसी के चलते वह शनिवार को ब्लॉक पहुंचे, जहां लिपिक से इसे लेकर विरोध जताया था।
मारपीट की बात गलत है। इस मामले में उनके बीच बाद में समझौता गया था। सीओ अंकित कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।