34-कार्रवाई के दौरान कछौना के एक अस्पताल की पैथोलॉजी सील करते डिप्टी सीएमओ। संवाद
- मेडिकल स्टोर, क्लीनिक और अस्पताल में नहीं मिले अभिलेख
- सीएमओ के निर्देश पर चार सदस्यीय टीम ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई / कछौना। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की चार सदस्यीय टीम ने कछौना में अस्पतालों, क्लीनिक और मेडिकल स्टोरों की जांच का अभियान चलाया। टीम के पहुंचने की जानकारी पर ही बड़ी संख्या में मेडिकल स्टोर और अस्पतालों के शटर गिर गए। इस सबके बावजूद टीम ने निरीक्षण के बाद कुल आठ संस्थानों को सील कर दिया। इनमें क्लीनिक, अस्पताल और मेडिकल स्टोर शामिल हैं। तीन दिन के अंदर जवाब न देने पर इन सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। सीएमओ डॉ. भवनाथ पांडेय ने बृहस्पतिवार को एक टीम बनाई थी। इस टीम में एसीएमओ डॉ. अरविंद सचान, डिप्टी सीएमओ डॉ. हेमंत राजपूत, डॉ. विनीत तिवारी और डॉ. मनोज सिंह शामिल थे। शुक्रवार दोपहर इस टीम ने कछौना में छापा डाला। गाजू सड़क पर स्थित मेडिकल स्टोर पर छापा डाले जाने के दौरान फार्मेसी के डिप्लोमा और पंजीकरण के बिना मेडिकल स्टोर संचालित मिला। संचालक नैमिष वर्मा को नोटिस जारी की गई है। इसी तरह रमेश चंद्र विश्वकर्मा क्लीनिक चलाते मिले। जांच में पता चला कि उक्त क्लीनिक का संचालन मेडिकल छात्र रीतेश विश्वकर्मा कर रहे हैं। उन्हें भी नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। यहां तीन मरीज भी भर्ती मिले। तीनों को सीएचसी भेजा गया है। कुछ दवाइयां भी यहां से मिलीं। कछौना के ठाकुरगंज में अभिराज पैथोलॉजी चलाते मिले। यहां आवश्यक अभिलेख नहीं दिखाए जा सके। इसे सील कर नोटिस जारी की गई है। तीन दिन के अंदर जवाब मांगा है। इसके अलावा बालामऊ में संचालित नारायण हॉस्पिटल में भी छापा डाला गया। यहां एक मरीज भी भर्ती मिलीं। कोई अभिलेख न दिखाए जाने पर नोटिस दी गई है। साथ ही सील भी कर दिया गया है। कछौना में ही संचालित एक और क्लीनिक को भी सील किया गया है। इसका संचालन प्रदीप सोनी कर रहे थे। गाजू सड़क पर संचालित बालाजी पॉलीक्लीनिक पर भी अधिकारियों ने छापा डाला। इसके भी सील किया गया है और नोटिस दी गई है। कछौना के सदर बाजार में संचालित क्लीनिक सील की गई है।