थाना क्षेत्र के गौहानी गांव के मजरा बूटाखेड़ा में मंगलवार रात दीपक गिरने से लगी आग में नेत्रहीन वृद्धा जिंदा जल गई। उसे बचाने के प्रयास में बेटी भी झुलस गई।
बूटाखेड़ा गांव निवासी लखाना (85) के छह बच्चों में सभी की शादी हो चुकी है। मंगलवार रात वह अपनी झोपड़ी में जमीन पर ही सो रही थी।
रात में किसी तरह दीपक गिरने से झोपड़ी में आग लग गई। आग की लपटें और लखाना की चीख सुन कु छ दूर स्थित दूसरी झोपड़ी में लेटी उसकी बेटी बचाने दौड़ी, लेकिन तब तक आग धधक चुकी थी।
मां को बचाने के चक्कर में बेटी के भी हाथ-पैर झुलस गए। तब तक गांव के तमाम लोग जुट गए। जब तक आग बुझाई गई, जब तक नेत्रहीन वृद्धा ने दम तोड़ दिया था।
सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उधर, एसडीएम ने कहा कि इस घटना में परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता नहीं दी जा सकती।