हरदोई। पूर्व सांसद भाजपा नेता नरेश अग्रवाल ने कहा है कि कुशल प्रबंधन और केंद्र व राज्य सरकारों की लोकप्रियता के चलते जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा को एकतरफा जीत मिली है। पुलिस और प्रशासन के दुुरुपयोग के आरोपों को उन्होंने निराधार बताते हुए कहा कि विपक्ष की धार ही कमजोर है।
वैटगंज स्थित आवास पर भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा की मौजूदगी में पत्रकारों से बातचीत में पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल ने कहा कि एकतरफा जीत के लिए संगठन और कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं। जिसको जो जिम्मेदारी दी गई उस कार्यकर्ता ने पूरी शिद्दत से निभाई। उन्होंने कहा कि विपक्ष निराधार आरोप लगा रहा है।
सपा 37 सदस्यों के समर्थन का दावा कर रही थी, लेकिन अपने प्रस्तावक और अनुमोदक तक को नहीं सहेज सकी। नरेश अग्रवाल ने कहा कि विपक्ष की धार बेहद कमजोर है। उन्होंने दावा किया कि जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव की तरह ब्लाक प्रमुख चुनाव भी एकतरफा होंगे।
पूर्व सांसद ने कहा कि जिले के 19 विकास खंडों में से अधिकांश में निर्विरोध ब्लाक प्रमुख चुने जाएंगे। पांच या छह ब्लाकों में चुनाव भी होंगे, तो भाजपा प्रत्याशी ही जीतेंगे। उन्होंने कहा कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी जिले की सभी आठों सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को जीत मिलेगी। जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने कहा कि विपक्ष के आरोप हताशा का परिणाम हैं। जनता पूर्व के चुनावों में सपा बसपा द्वारा अपनाए जाने वाले हथकंडों को देख चुकी है। पत्रकार वार्ता के दौरान नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष राम प्रकाश शुक्ला और उमेश अग्रवाल भी मौजूद रहे।