हरदोई। विद्युत वितरण खंड के प्रथम के ग्राम भूड़ मड़ैया के उपभोक्ता दस दिनों से अंधेरे में है। नियमित बिल जमा करने के बावजूद उनको बिजली नहीं मिल पा रही है। विभागीय जिम्मेदारी कभी फोन बंद कर लेते, तो कभी बिल बकाया कहकर ग्रामीणों को टरका रहे हैं। बिजली न आने से गांव में रहने वाले बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं मोबाइल चार्ज न होने से गांव के अधिकांश लोगों को संपर्क अपनों से कट गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना स्थानीय लाइनमैन बृजेश राजपूत व प्रमोद राजपूत को दी गई थी लेकिन कई दिनों तक टालमटोल करने के बाद उन्होंने फोन उठाना ही बंद कर दिया। ग्रामीणों ने 1913 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और राघोपुर के जेई से भी गुहार लगाई, मगर ठोस कार्रवाई के बजाए हर बार सिर्फ आज-कल का खोखला आश्वासन ही मिला। हद तो तब हो गई जब पावर हाउस पर संपर्क करने पर समाधान के बजाए बिल जमा होने की शर्त रखी गई।
ग्रामीणों का कहना है कि बिल जमा है, फिर भी ट्रांसफार्मर बदला नहीं जा रहा है। गांव में बिजली न होने के कारण लोगों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ रही है। बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और अन्य जरूरी गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। राहुल, जय सिंह यादव, गौरव राजपूत, गजराज, विश्राम, राकेश यादव, विपिन राजपूत, फतेह बहादुर, सोनू राजपूत, महेंद्र राजपूत, सचिन राजपूत सहित दर्जनों ग्रामीणों ने जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
आंधी के कारण काफी संख्या में ट्रांसफार्मर खराब हुए थे। इसलिए वर्कशॉप से ट्रांसफार्मर मिलने में समस्या हो रही थी। पीएनआर लग गया है। एक से दो दिन में ट्रांसफार्मर लग जाएगा। -रनवीर सिंह, उपखंड अधिकारी मल्लावां