संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। 10 हजार की रिश्वत लेते वन विभाग के बिलग्राम के रेंजर को एंटी करप्शन टीम ने गुरुवार को रंगेहाथ पकड़ा है। टीम ने यह कार्रवाई लकड़ी ठेकेदार की शिकायत पर बुधवार रात की है। टीम रेंजर को लखनऊ ले गई है। वन विभाग में तैनात रेंजर केके जैन इन दिनों बिलग्राम रेंज में तैनात थे। बिलग्राम के कस्बा मोहल्ला मैदानपुर निवासी लकड़ी ठेकेदार राशिद ने रेंज क्षेत्र में पांच पेड़ कटवाए जाने के लिए आवेदन किया था। इस पर रेंजर की रिपोर्ट लगनी थी। जैसा कि शिकायतकर्ता ने अधिकारियों को बताया कि वह रेंज कार्यालय गया तो, रेंजर ने 12 हजार रुपये की मांग की। उसने 10 हजार रुपये देने को कहा इस पर रेंजर ने हामी भर दी लेकिन, रिपोर्ट लगाने में टाल-मटोल करते रहे। 10 दिन बीतने के बाद भी रेंजर की ओर से रिपोर्ट न लगाए जाने पर उसने एंटी करप्शन कार्यालय लखनऊ में इसकी शिकायत की थी।
एंटी करप्शन टीम बुधवार को हरदोई आई और अपनी आमद दर्ज कराने के साथ ही बिलग्राम रेंज कार्यालय के आसपास डेरा जमा लिया। बुधवार कार्यालय समयावधि समाप्त होने के बाद जब रेंजर ने लकड़ी ठेकेदार से रिश्वत लेने पर सहमति जताई तो, टीम सक्रिय हो गई। रेंजर ने ठेकेदार को अपने कार्यालय में बुला लिया और रिश्वत में 10 हजार रुपये ले लिए। रुपये लेते ही टीम ने रेंजर को पकड़ लिया। डीएफओ शशिकांत अमरेश ने बताया कि मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है।