शाहाबाद। कोतवाली क्षेत्र में गांव गढ़ी चांद खां के पास दो बाइकें आमने- सामने टकरा गईं। हादसे में अधिवक्ता सहित दो लोगों की मौत हो गई। घटना से दोनों परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्र में गुरुवार की शाम शाहाबाद- सिरोमणि नगर मार्ग पर गढ़ी चांद खां के पास दो बाइक की आमने सामने टक्कर हो गई। इससे बाइक सवार ग्राम नगला लोधू निवासी सुरेंद्र पाल (60) और दूसरी बाइक सवार गढ़ी चांद खा निवासी वाहिद (57) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां से उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के विषय में बताया कि सुरेंद्र पाल वकील हैं। वे तहसील से अपने गांव नगला लोथू जा रहे थे। उनके परिवार में पत्नी लक्ष्मी के अलावा बेटा नवनीत है, जो पुलिस विभाग में कार्यरत है। वहीं वाहिद सेल्स मैन थे। वह गांव से शाहाबाद रोजा अफ्तार का सामान लेने जा रहे थे। उसके परिवार में एक पुत्री व पांच पुत्र है। दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। थाना प्रभारी सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।