बावन। ससुराल से वापस घर जा रहे बाइक सवार को लोनार कोतवाली क्षेत्र के समुदा गांव के पास किसी वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
लोनार कोतवाली क्षेत्र के बावन के मजरा सरायं गांव निवासी सूरज राठौर (25) दिल्ली में एक बिस्किट फैक्टरी में काम करते थे। रविवार को वह दिल्ली से वापस गांव आए थे। उनकी ससुराल टड़ियावां थाना क्षेत्र के बीघारामपुर गांव में है। रविवार शाम बाइक से वह अपनी ससुराल गए थे। देर शाम ससुराल से वापस गांव आने के लिए निकले थे। हरदोई-सवायजपुर मार्ग पर समुदा गांव के पास किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक समेत सड़क किनारे जा गिरे।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान सूरज की मौत हो गई। पास मिले मोबाइल से परिजनों को जानकारी दी गई। परिवार में पत्नी प्रीती है। शहर कोतवाल नारायण कुशवाहा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।