शाहाबाद (हरदोई)। शादी समारोह में शामिल होकर वापस घर जा रहे बाइक सवार अल्हापुर तिराहा के पास डिवाइडर से टकरा गए। घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए।
शाहजहांपुर जनपद के हरदब चौकी निवासी युवक अजय राठौर (26) शाहजहांपुर में ही चाट का ठेला लगाता था। वह एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए सोमवार रात हरदोई गया था। उसके साथ बाइक से मोहल्ले के दोस्त राहुल (19) और सुमित (16) भी गए थे। रात करीब एक बजे बाइक से तीनों वापस शाहजहांपुर जा रहे थे।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत अल्हापुर तिराहा के पास बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। बाइक डिवाइडर से जा टकराई। इससे बाइक चला रहे अजय का सिर डिवाइडर से टकरा गया। हेलमेट न लगाए होने के कारण सिर पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद पहुंचाया।
यहां अजय को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि राहुल और सुमित को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। अजय दो भाइयों में छोटा था और अविवाहित था। कोतवाल राजदेव मिश्रा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।