बघौली। बहन के घर से लौट रहे बाइक सवार युवक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बाइक चालक को सीएचसी पहुंचाया गया। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुरसा थाना क्षेत्र के झबारापुरवा मजरा बधिया निवासी उदय राज (30) मजदूरी करता था। उसकी बहन रोली की ससुराल सुरसा थाना क्षेत्र के पत्तारपुरवा गांव में है। रविवार को उदयराज बाइक से बहन के घर गया था। देर शाम गांव जाने को बाइक से निकला था। बघौली थाना क्षेत्र में माधौगंज मार्ग पर बीकापुर विद्युत उपकेंद्र के पास किसी तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। घायल उदयराज को मौके पर पहुंचे बघौली चौराहा चौकी प्रभारी अवधेश कुमार सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माधौगंज भेजा। सीएचसी में उदय को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने पास मिले मोबाइल से परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। पिता की मौत हो चुकी है, जबकि तीन छोटे भाई, एक छोटी बहन और मां घटना की जानकारी पर बिलख पड़ीं। सीओ बघौली अवधेश पांडेय ने बताया कि तहरीर लेकर घटना की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।