टड़ियावां। गोपामऊ मार्ग पर हर्रई पुल के पास बाइक सवार तीन लोगों को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों घायलों को सीएचसी फिर मेडिकल कॉलेज लाया गया। मौके से ट्रैक्टर समेत चालक भाग गया। हादसा मंगलवार सुबह हुआ।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रंधीरा के मजरा शिवा पुरवा निवासी आशीष (22) हरियाणा में पत्थर फैक्टरी में काम करते थे। दो माह पहले वह गांव आए थे। बघौली थाना क्षेत्र के नया पुरवा निवासी आशीष की बड़ी बहन किरन के मुताबिक, इन दिनों उनकी तबीयत खराब है। मंगलवार सुबह आशीष बाइक से उन्हें देखने के लिए नया पुरवा गांव जा रहे थे। उनके साथ भाभी शारदा (26) और शारदा की पुत्री मुस्कान (12) भी थीं। आशीष बिना हेलमेट के बाइक चला रहे थे। इस दौरान टड़ियावां-गोपामऊ मार्ग पर हर्रई पुल के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। इसमें आशीष समेत तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आशीष की मौके पर मौत हो गई। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने एंबुलेंस से शारदा और मुस्कान को सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सक ने दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। आशीष आठ बहन और चार भाइयों में सबसे छोटे और अविवाहित थे। मौके से ट्रैक्टर समेत चालक भाग गया। थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी से ट्रैक्टर की पहचान की जा रही है। परिजनों की ओर से शिकायती पत्र और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।