फोटो-1-वारिस। स्रोत परिजन
- लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर संडीला कोतवाली क्षेत्र में हादसा
- दोस्त से मिलकर गांव लौट रहा था
संवाद न्यूज एजेंसी
संडीला। दोस्त से मिलकर वापस गांव लौट रहे बाइक सवार को ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को सीएचसी में मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर मौके से भाग निकला।
संडीला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पड़री निवासी वारिस (26) कस्बे के मोहल्ला सुंबाबाग में पिता सफदर के साथ चाय की दुकान चलाता था। पुलिस और सेना में भर्ती की तैयारी भी कर रहा था। शुक्रवार की शाम अपने दोस्त अनूप से मिलने के लिए बाइक से औद्योगिक क्षेत्र गया था।
शुक्रवार देर रात वहां से लौटते समय लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोम गांव के पास ईंट लदी ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी। घायल वारिस को आसपास मौजूद लोगों ने सीएचसी पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक तीन भाई बहनों में सबसे छोटा था। कोतवाल आनंद नारायण त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। ट्रैक्टर-ट्राली पुलिस के कब्जे में है।