बावन(हरदोई)। लोनार कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जगदीशपुर-सांडी मार्ग पर बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था और सिर में गंभीर चोटें आने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। युवक की शादी पांच दिन पहले ही हुई थी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
लोनार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम निजामपुर निवासी खुशनूर (21) पुत्र शकील दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता था। बीती 15 नवंबर को उसका निकाह बावन निवासी हिकमत की पुत्री नाजरीन के साथ हुआ था। शुक्रवार सुबह खुशनूर बाइक से अपनी ससुराल बावन कस्बे से वापस निजामपुर जाने के लिए निकला था। जगदीशपुर-सांडी मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में खुशनूर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे लेकर जिला अस्पताल गए। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर बताते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में कछौना के निकट खुशनूर की मौत हो गई तो परिजन शव लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचे। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे मेें लेकर पोस्टमार्टम कराया।
पांच रोज पहले निकली थी बरात
तीन बहनों के बीच खुशनूर अकेला भाई था। पांच दिन पहले ही निजामपुर से धूमधाम के साथ खुशनूर की बरात बावन कस्बे के लिए निकली थी। जमकर धूमधड़ाका और नाच गाना हुआ था। हंसी खुशी शादी निपटी और दोनों परिवारों में खुशी का माहौल था, लेकिन कौन जानता था कि जिस घर से बरात निकल रही है, पांच दिन बाद वहीं से जनाजा निकल जाएगा।