भरावन। अतरौली-भटपुर मार्ग पर शुक्रवार की दोपहर घेरवा गांव के शिवम बिक्र फील्ड के सामने ईंट लदे ट्रैक्टर ने आगे जा रही बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार युवक अतुल (25) पुत्र मुनई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गोविंद (24) पुत्र मंगली गम्भीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बाइक सवार का हेलमेट भी चकनाचूर हो गया।
मृतक अतुल की पत्नी कंचन ने अज्ञात ट्रैक्टर व चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि शुक्रवार की दोपहर पति अपने दोस्त सूरज निवासी मनवा सीतापुर से कबाड़ का बेचा गया उधारी 10 हजार रुपये लेने जा रहे थे। बाइक पर पीछे गांव के गोविंद भी सवार थे। इसी दौरान हादसा हुआ है। हादसे में ट्रैक्टर की ट्राली का पहिया अतुल के सिर पर चढ़ गया। जिसमें हेलमेट चकनाचूर हो गया। मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। मृतक के चार बेटियां है, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। थाना प्रभारी निरीक्षक आनन्द नारायण त्रिपाठी ने बताया कि अज्ञात टैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके टैक्टर बरामद कर लिया गया है।