संडीला। कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ-हरदोई मार्ग स्थित नवीन मंडी के पास शुक्रवार को दोपहर डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से घायल को डॉक्टरों ने लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टिकरा दाऊदपुर निवासी शीलू (35) इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फैक्टरी में मजदूरी करता था।
शुक्रवार की दोपहर फैक्टरी से मजदूरी कर बाइक से अपने साथी रूपचंद्र के साथ घर आ रहा था। लखनऊ हरदोई मार्ग स्थित नवीन मंडी के सामने लखनऊ की तरफ से आई डीसीएम ने पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। सिर में चोट लगने से शीलू की मौके पर मौत हो गई। साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायल को सीएचसी भिजवाया। यहां डॉक्टरों ने हालत नाजुुक होने पर लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
परिजनों ने बताया कि शीलू के परिवार में पत्नी सविता के अलावा दो पुत्र हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल वेणीमाधव त्रिपाठी ने बताया कि डीसीएम लेकर चालक फरार है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।