फोटो- 8- कार्यालय में कार्य करते कर्मचारी ।
- फोटो : HARDOI
हरदोई। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार की देर रात बाइक से बरात में शामिल होने जा रहे युवकों को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खेरवा कमालपुर निवासी अतुल मिश्रा (32) खेती करता था। गुरुवार की रात ओनवां गांव निवासी रिश्तेदार बर्दीश के लड़केे की बारात मरेेउरा गांव जा रही थी। अतुल बारात में शामिल होने साथी दिवाकर (29) के साथ बाइक से जा रहा था। रास्ते में कोथावां के निकट सामने से आई कार ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों बाइक से उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चला रहा अतुल हेलमेट नहीं लगाए था। घटना के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को जानकारी देकर उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। यहां डॉक्टरों ने अतुल को मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। बेनीगंज कोतवाल इंद्रजीत सिंह ने बताया कि कार का नंबर पता चल गया है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों के मुताबिक अतुल की शादी तय हो चुकी थी। वरीक्षा आदि रस्में पूरी हो चुकीं थी। छह मई को तिलक और नौ मई को बरात जानी थी। परिजन इसकी तैयारियों में जुुटे थे। शादी को लेकर घर में खुशियां थीं। सेहरा सजने के 10 दिन पहलेे अतुल की अर्थी उठने से परिजनों में कोहराम मचा है।