हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र से बुधवार को बाइक से गुलामऊ ड्यूटी जा रहे दो होमगार्डों को बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे होमगार्ड का हेलमेट टूट गया। सिर में चोट आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद चालक बोलेरो छोड़कर फरार हो गया।
सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम सुगवां निवासी रामशरण कुशवाहा (48) पुत्र लिक्खा और ग्राम चैनूपुरवा निवासी सुरेश (48) पुत्र टेमन सांडी कंपनी में होमगार्ड पद पर तैनात थे। दोनों को वर्तमान में देहात कोतवाली में ड्यूटी मिली थी। बुधवार को देहात कोतवाली से दोनों को ड्यूटी पर गुलामऊ स्थित बैंक आफ इंडिया भेजा गया था। सुबह साढ़े नौ बजे दोनों एक ही बाइक से गुलामऊ जा रहे थे। हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग से गुलामऊ संपर्क मार्ग पर मुड़ने के दौरान तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रामशरण का हेलमेट टूट गया और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सुरेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी पर होमगार्ड के जिला कमांडेंट राघवेंद्र शुक्ला जिला अस्पताल पहुंचे और सुरेश से घटना के बारे में पूछा। जिला कमांडेंट ने मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया। देहात कोतवाल रंधा सिंह ने बताया कि बोलेरो को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
पात्र आश्रित को नौकरी और सहायता मिलेगी
जिला कमांडेंट राघवेंद्र शुक्ला ने बताया कि मृतक होमगार्ड के परिजनों को कल्याण कोष अथवा दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत तीन से पांच लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। इसके अलावा एक पात्र आश्रित को होमगार्ड की नौकरी भी दी जाएगी। मृतक के परिवार में पांच विवाहित पुत्र हैं।