फोटो-24-शाहााबद में भूमि पूजन करतीं उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी व अन्य। संवाद
शाहाबाद। नगर में स्टेशन मार्ग पर स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में 3.67 करोड़ रुपये से विकास कार्य कराए जाएंगे। इन कार्याें का भूमि पूजन बृहस्पतिवार को उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राजनीति हमेशा सेवा और विकास के लिए की जानी चाहिए।
दावा किया कि हमेशा युवाओं, महिलाओं और किसानों के हितों के लिए कार्य किया। यह भी कहा कि बेटियों के लिए राजकीय महिला महाविद्यालय की स्थापना भी जल्द कराई जाएगी।राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का निर्माण गतवर्ष पूरा हुआ था। यहां प्रधानाचार्य के आवास समेत पेयजल आदि के लिए पानी की टंकी की व्यवस्था नहीं थी। उच्च शिक्षा राज्यमंंत्री रजनी तिवारी ने इसके लिए शासन स्तर पर प्रयास किया था। शासन ने 3.67 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी देकर बजट भी जारी किया था।
उक्त कार्य कराने के लिए भूमि पूजन बृहस्पतिवार को हुआ। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रदीप पाल ने बताया कि परिसर में चार आवासों का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही पानी की टंकी और चार दिवारी का भी निर्माण होगा। सितंबर 2026 तक उक्त कार्य पूरे किए जाने का लक्ष्य है। भूमि पूजन में भाजपा के जिला महामंत्री सतेंद्र राजपूत, प्रांतीय परिषद के सदस्य गंगाराम राठौर, केनग्रोवर सोसायटी के सभापति रंजीत सिंह, नगर अध्यक्ष अनिल पांडेय, ब्लाक प्रमुख त्रिपुरेश मिश्रा, पूर्व ब्लाक प्रमुख रामनाथ त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
विपक्ष के पास कोई एजेंडा नहीं : रजनी
उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि विपक्ष के नेता अनर्गल प्रलाप करते हैं। एसआईआर में वोट काटे जाने के आरोप लगाते हैं। चुनाव हार जाने पर ईवीएम को दोष देते हैं। हकीकत यह है कि जनता के हित में विपक्ष के पास कोई एजेंडा ही नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा ने जनता का दिल जीता है। इसलिए चुनाव भी जीतते हैं।