हरदोई। केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीनों कृषि कानूनों के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के कई गुटों के बैनर तले पदाधिकारियों व किसानों ने सोमवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन दिया।
सोमवार को कलक्ट्रेट में भाकियू अराजनीतिक लोकतांत्रिक के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव को सौंपा। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष युवा राजवर्धन सिंह राजू व जिलाध्यक्ष पुनीत मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार किसान विरोधी है। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह राजन, अर्पित गुप्ता, अमित पांडेय आदि मौजूद रहे।
उधर भाकियू राष्ट्रवादी के जिलाध्यक्ष प्रेमसागर यादव ने नौ सूत्री मांगों का ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव को सौंपा। कहा कि सरकार द्वारा लाए गए किसान विरोधी तीनों काले कानूनों को वापस लिया जाए।
एमएसपी गारंटी अध्यादेश लाया जाए और एमएसपी से कम मूल्य पर खरीद को अपराध घोषित किया जाए। इस अपराध की सजा कम से कम सात साल किए जाने की मांग की गई। भारत के सभी किसानों का सारा कर्ज माफ किए जाने, किसानों को कृषि कार्य के लिए ब्याज मुफ्त कर्ज दिलवाने की भी मांग की। ज्ञापन देने वालों में राधेश्याम, रामलखन शुक्ला, रामविलास, श्रवण कुमार अवस्थी, विशुन पाल आदि मौजूद रहे।
कृषि को उद्योग का दर्जा दिलाने की मांग
भाकियू अराजनीतिक के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू कराने व कृषि को उद्योग का दर्जा दिलाने की मांग की। संगठन के जिलाध्यक्ष राज बहादुर सिंह यादव, श्यामा कुमार, प्रगट सिंह, माता प्रसाद, रमाकांत व चमेली देवी आदि मौजूद रहीं। (संवाद)
60 वर्ष पूरी करने वाले किसानों को मिले 10 हजार पेंशन
भाकियू राष्ट्रीयतावादी ने काले कानूनों को वापस लेने व 60 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले किसानों को 10 हजार रुपये मासिक पेंशन दिए जाने की मांग नगर मजिस्ट्रेट को दिए ज्ञापन में की। जिलाध्यक्ष रामलखन पाठक, अचल प्रकाश शुक्ला, रामलखन मौर्या, रामगोपाल, शिवनाथ सिंह, अशोक वाजपेयी, मनोज शुक्ला, तेज कुमार आदि मौजूद रहे। (संवाद)
भाकिमयू ने भी उठाई आवाज
भारतीय किसान मजदूर यूनियन राष्ट्रवादी के जिलाध्यक्ष राजकरन सिंह यादव के नेतृत्व में कलक्ट्रेट परिसर में पदाधिकारियों ने किसानों ने प्रदर्शन किया व तीनों कानूनों को वापस लिए जाने की मांग की। इस दौरान राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भी प्रशासन को सौंपा गया। इस मौके पर राधेश्याम, बब्लू, रामसेवक, रतीराम, श्रवण तिवारी, रामदेवी आदि मौजूद रहे। (संवाद)