हरदोई। मुख्यमंत्री राहत कोष में शिक्षा विभाग की ओर से अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपना एक दिन का वेतन कोविड-19 के तहत दान दिया है। एक करोड़ 61 लाख की राशि पहुंचने के बाद बेहतर दान देने वाले जिलों की सूची में यह जनपद भी शामिल हो गया है।
बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखाधिकारी योगेश पांडे ने बताया कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने एक दिन का वेतन दान दिया है। जिसमें परिषदीय ग्रामीण शिक्षक कर्मचारियों ने एक करोड़ 33 लाख 53 हजार 980, परिषदीय शिक्षक कर्मचारी 19 लाख 84 हजार 77, परिषदीय नगरीय शिक्षक कर्मचारी 18 लाख 8 हजार 877, अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाई स्कूल शिक्षक कर्मचारी पांच लाख सात हजार 178, वित्त एवं लेखाधिकारी के अधिकारी व कर्मचारी 21 हजार 780, बीएसए कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारी नान न्यू पेंशन स्कीम 21880, बीएसए कार्यालय के अधिकारी कर्मचारी न्यू पेंशन स्कीम 29185 एवं बीएसए कार्यालय के कर्मचारी 40930 रुपये दान दिए। जूनियर शिक्षक संघ प्रदेश अध्यक्ष योगेश त्यागी, प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष शिवशंकर पांडे ने दान देने में जिले को प्रदेश में उच्च स्थान पर पहुंचाने में अधिकारियों व कर्मचारियों की सराहना की है।