हरदोई। भरखनी बीईओ के पेंशनर से रुपये मांगने का वीडियो वायरल होने के मामले में बीएसए हेमंत राव ने उनके खिलाफ शाहाबाद कोतवाली में भ्रष्टाचार की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बीएसए की संस्तुति पर अपर शिक्षा निदेशक ने सोमवार देर शाम भरखनी बीईओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें डायट से संबद्ध किया गया है। वहीं डीएम ने बीएसए के तबादले और बीईओ समेत दोनों की चल-अचल संपत्तियों की जांच कराने के संबंध में शासन को लिखा है।
भरखनी की बीईओ शुचि गुप्ता के पास शाहाबाद का भी अतिरिक्त प्रभार है। उनका एक वीडियो कुछ दिन पहले वायरल हुआ था। इसमें शुचि गुप्ता पेंशनर से पेंशन संबंधी प्रकरण के निस्तारण के लिए रुपये मांगते और बीएसए को भी इसमें हिस्सा देने की बात करते नजर आ रहीं हैं। पूरे मामले पर गत सप्ताह बीएसए हेमंत राव ने बीईओ को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया था। इससे संतुष्ट न होने पर बीएसए ने बीईओ को प्रतिकूल प्रविष्टि देते हुए विभागीय कार्यवाई के लिए लिख दिया था। अब बीएसए हेमंत राव ने पूरे प्रकरण में बीईओ शुुचि गुप्ता के विरुद्ध शाहाबाद कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें कहा है कि शुचि गुप्ता के इस कृत्य से विभाग की छवि धूमिल हुई है। पूरे मामले की जांच सीओ शाहाबाद अखिलेश राजन करेंगे। वहीं डीएम पुलकित खरे ने अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा विभाग से पूरे प्रकरण में बीएसए हेमंत राव की संभावित संलिप्तता की भी जांच कराने को पत्र लिखा है। डीएम ने इसके लिए शासन स्तर से टीम गठित करने और बीएसए का तबादला किए जाने को भी लिखा है।