बेनीगंज। वरीक्षा से चंद घंटे पहले ग्रेनाइट कंपनी के मशीन ऑपरेटर ने रविवार सुबह बालामऊ-सीतापुर पैसेंजर ट्रेन से कटकर जान दे दी। जैकेट से मिले आधार कार्ड के जरिये परिजन को सूचना दी गई। घटना का पता चलते ही परिजन में चीख-पुकार मच गई।
कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर निवासी सुरजीत (25) राजस्थान में एक ग्रेनाइट कंपनी में कार्यरत था। 26 नवंबर को उसकी चचेरी बहन की शादी थी। बीते बुधवार की सुबह वह घर आया था। साथ ही रविवार को उसकी भी वरीक्षा होनी थी। मां बिट्टारानी ने बताया कि रविवार सुबह करीब आठ बजे वह स्कूटी से बिना कुछ बताए निकल गया था। करीब साढ़े नौ बजे बेटे का शव बालामऊ सीतापुर रेलवे ट्रैक पर सादीपुर के पास पिलर संख्या 14/12 व 14/13 के बीच पड़ा मिला।
बालामऊ सीतापुर पैसेंजर ट्रेन के लोकोपायलट ने स्टेशन अधीक्षक को किसी युवक को ट्रेन के सामने कूद जाने की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच की तो शव की जैकेट से आधार कार्ड मिला। इसके जरिये सिकंदरपुर के प्रधान गुड्डू सिंह को सूचना दी गई। शव से कुछ ही दूरी पर सुरजीत की स्कूटी भी खड़ी मिली। कोतवाल अतुल सिंह ने बताया कि आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। परिजन ने बताया है कि रविवार को सुरजीत की वरीक्षा होनी थी। मृतक तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था।