साइबर अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बुधवार को शिक्षक से दोस्त बनकर फोन पर बात कर साइबर ठगों ने उसके खाते 60 हजार रुपये उड़ा दिए। फोन पर मैसेज आने के बाद जानकारी होने पर पीड़ित के होश उड़ गए। पीड़ित ने कोतवाली मेें प्रार्थना पत्र दिया है।
बलिया जनपद के थाना सिकंदरपुर के ग्राम इसार पीथा पट्टी निवासी शिवमोहन प्रसाद पुत्र लक्ष्मीराम शिक्षक है। वह शाहाबाद ब्लॉक के ग्राम शाहपुर नाऊ स्थित प्राथमिक स्कूल में तैनात है। वह शहर में नघेटा रोड पर किराए पर कमरा लेकर रहता है। उसने बताया कि बुधवार को उसके नंबर पर कॉल आई थी।
उधर से बोलने वाले युवक ने अपने को शिवमोहन का दोस्त बताया। इसके बाद उससे कहा कि मेरे एक दोस्त पर 15 हजार रुपये बकाया हैं। वह रुपये अपने खाते पर गूगल पे के माध्यम से मंगा लो।
कहा कि मेरा दोस्त फोन करेगा उसे खाता नंबर आदि बता देना। शिवमोहन उस युवक की बातों में आ गया। कुछ देर बाद दूसरे नंबर से कॉल आने पर उसे खाते की सारी जानकारी दे दी।
फोन कटने के बाद उसके खाते से पेटीएम के जरिए छह बार में 60 हजार रुपये उड़ा दिए। फोन पर मैसेज आने पर उसे जानकारी हुई। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया है। कोतवाल शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि साइबर ठगों ने घटना को अंजाम दिया है।