टोडरपुर। नोटबंदी के फरमान को तीन माह गुजरने जा रहे हैं लेकिन अभी तक ग्रामीण क्षेत्र की बैंकों में भुगतान की व्यवस्था सुचारु नहीं हो पा रही है। आए दिन भुगतान को लेकर बैंक कर्मियों व भुगतान लेने आने वाले लोगों में कहासुनी होती रहती है। भुगतान न मिलने की वजह से लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
आर्यावर्त ग्रामीण बैंक की टोडरपुर शाखा में नगदी जमा के अनुपात से भुगतान किया जा रहा है। शासन स्तर से भुगतान की लिमिट को समाप्त करने के बावजूद भी बैंकें लोगों को मांग के अनुसार भुगतान नहीं कर रही हैं।
यह हाल किसी एक बैंक का नहीं है क्षेत्र की लगभग सभी बैंकाें में भुगतान की समस्या बनी हुई है। खासकर आर्यावर्त ग्रामीण बैंक में भुगतान को लेकर सबसे बड़ी समस्या है। बैंक के ज्यादतर कर्मचारी चुनाव कार्य में लगा दिए गए हैं।
शनिवार को बैंक में भुगतान लेने पहुंचे निखिल, अरुण, रवि और नत्थू लाल सभी लोग भुगतान न मिलने से परेशान रहे। झरसा गांव के सोवरन ने बताया कि 12 जनवरी को 15000 रुपये का भुगतान कराने के लिए चेक जमा किया था लेकिन अभी भुगतान नहीं हो सका।
बैंक के एक कर्मचारी ने तीन फरवरी को भुगतान करने का वादा तो किया साथ ही हिदायत भी दी कि 10 हजार रुपये का ही भुगतान किया जाएगा लेकिन इसके बाद भी भुगतान नहीं मिला।