फोटो-7-बड़े चौराहे स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर लगी लाइन से पूछताछ करती महिला सिपाही। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। लॉकडाउन टू में भी बैंकों के बाहर लंबी कतारें कम होने का नाम नहीं ले रहीं हैं। इन कतारों में अब श्रमिक व जनधन खाताधारक ही नहीं बल्कि छात्र-छात्राएं भी शामिल हो गए हैं जो अपनी छात्रवृत्ति चेक कराने के लिए भी घंटों लाइन में लगे नजर आने लगे हैं।
बैंकों के अंदर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अभी पूरी तरह से कराया जा रहा है। एक महिला व एक पुरुष को ही अंदर प्रवेश दिलाया जा रहा है। उनके हाथों को सैनिटाइज कराकर व उनके मुंह ढकने के बाद ही अंदर भेजा जा रहा है और उनके निकलने के बाद दूसरों को मौका दिया जा रहा है लेकिन बैंकों के बाहर की भीड़ जस की तस बनी हुई है बल्कि कतार और लंबी होती नजर आ रही है।
गुरुवार को बड़े चौराहे स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर जब ज्यादा भीड़ दिखी तो पुलिस कर्मी वहां पहुंच गए पहले उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए लाइनें लगवाई उसके बाद कागज चेक करने शुरू किए तो उनमें कई छात्राएं ऐसी लगीं थीं जो सिर्फ इन दिनों छात्रवृत्ति आई कि नहीं वह चेक करने आई थीं। यह बात सुनकर महिला सिपाही ने उन्हें जाने को तो नहीं कहा पर इतना जरूर कहा कि अरे छात्रवृत्ति तो लॉकडाउन खुलने के बाद भी चेक हो सकती थी। इन दिनों घर पर रहकर अपने दायित्वों का पालन करें। बेवजह घर से कतई न निकलें।