पाली। अचानक रास्ते से प्रधान के पति के गायब होने की सूचना पर परिजनों में खलबली मच गई। उनका मोबाइल भी बंद है। परिजनों को अनहोनी की आशंका है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर गुमशुदगी दर्ज कर प्रधान के पति की तलाश शुरू कर दी है।
क्षेत्र के गुजिदेई की ग्राम प्रधान सुधा बाजपेई के पति मनोज बाजपेई बरेली में एक बैंक में कैशियर के पद पर कार्यरत हैं। भतीजे कवींद्र बाजपेई ने बताया कि गुरुवार को चाचा मनोज बरेली से गांव आने के निकले थे। रास्ते में उन्होंने बेटी से फोन पर बात करके रास्ते में होने की बात भी कही थी। काफी देर होने के बाद जब उनका फोन लगाया तो वह बंद जा रहा है। फोन की आखिरी लोकेशन शाम साढ़े पांच बजे तक जिला शाहजहांपुर के तिलहर बता रहा है। परिजनों को अनहोनी की आशंका है। इंस्पेक्टर राजकुमार पांडेय ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर प्रधानपति की तलाश की जा रही है। जिस जगह फोन की लास्ट लोकेशन मिली है टीम को वहां भेजा गया है। (संवाद)