फोटो-01- क्रिकेट मैच में शॉट लगाता खिलाड़ी शहीद। संवाद
हरदोई। आरआर इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर रविवार को राकेश विक्रम सिंह मेमोरियल स्पोर्ट्स टूर्नामेंट में क्रिकेट के दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में बाल विद्या भवन पब्लिक स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेंट जेवियर्स स्कूल को हराया। वहीं दूसरे मुकाबले में आरआर इंटर कॉलेज की टीम ने प्रो-अकादमी की टीम को पराजित कर जीत दर्ज की।
बाल विद्या भवन पब्लिक स्कूल की तरफ से आयोजित टूर्नामेंट के क्रिकेट मुकाबलों का शुभारंभ समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह पामू और सचिव डॉ. कीर्ति सिंह ने किया। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। पहला मुकाबला बाल विद्या भवन पब्लिक स्कूल और सेंट जेवियर्स स्कूल के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम दिखाया। अंत में बाल विद्या भवन की टीम ने 13 रनों के अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
दूसरे मैच में प्रो-अकादमी और आरआर इंटर कॉलेज की टीमें आमने-सामने रहीं। इसमें आरआर इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। मैचों के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह रहा। उन्होंने खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया।