मोर्च्युरी के बाहर रोते बिलखते मृतक के परिजन।
- फोटो : amarujala
बिलग्राम। कोतवाली क्षेत्र में कटरा-बिल्हौर हाईवे पर बेकाबू बोलेरो आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में हरपालपुर थाना क्षेत्र निवासी युवक की मौत हो गई। जबकि चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर हालत गंभीर होने पर तीन को डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया।
हरपालपुर थाना क्षेत्र के गदनापुर निवासी उमेश (48) के उन्नाव के सफीपुर निवासी मोतीलाल दूर के रिश्तेदार हैं। रविवार को मोतीलाल की बेटी की शादी थी। उमेश रविवार शाम बोलेरो से शादी में शामिल होने गया था। उसके इसी थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर निवासी भइयालाल (50), बेटा अनूप (16), इंद्रमोहन (58) पुत्र दयाराम, चालक विनीत (20) पुत्र बलवीर निवासी गिरवापुर भी गए थे।
सोमवार सुबह वह लोग बोलेरो से घर लौट रहे थे। तड़के करीब 4:30 बजे बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में कटरा-बिल्हौर हाईवे पर रोशनपुर गांव के निकट चालक से बेकाबू होकर बोलेरो आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई । हादसे में पांचों गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने उमेश को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल में भइयालाल, इंद्र मोहन और अनूप की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। हादसे की सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।