हरदोई। रविवार शाम को मौसम बदल गया। पहले तेज रफ्तार से धूल भरी आंधी चली फिर झमाझम बारिश हुई। इससे पारा करीब दो डिग्री लुढ़क गया। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि दो दिन और ऐसा ही मौसम रहेगा। वहीं बारिश से किसानों के माथे पर बल पड़ गए। किसानों का कहना है कि खेतों में कटी पड़ी फसल बारिश में भीग गई है। अब सूखने के बाद ही फसल की थ्रेशिंग हो सकेगी।
रविवार शाम काली घटाएं छा गईं। 13 किलोमीटर की रफ्तार से धूल भरी आंधी चली। इसके बाद शहर समेत ग्रामीण अंचलों में झमाझम बारिश हुई। एक घंटे में करीब 16.4 मिलीमीटर बारिश हुई। हालांकि बेमौसम हुई बारिश ने उन किसानों की परेशानी बढ़ा दी, जिनका गेहूं अभी खेत में खड़ा है या फिर कटने के बाद गहाई के लिए पड़ा है। जानकारों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी 20 से 30 फीसदी फसल खेतों में खड़ी है। मौसम वैज्ञानिक रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि सोमवार और मंगलवार को भी बारिश संभव है। इससे किसानों की परेशानी और बढ़ने की आशंका है।