अंबेडकर ग्राम रोजगार योजना में लाभार्थियों का चयन कर लाभान्वित न करने की गाज दो अधिकारियों पर गिर गई। इसके लिए उपायुक्त मनरेगा ने कोथावां के खंड विकास अधिकारी और एडीओ पंचायत को प्रतिकूल प्रविष्टि दे दी। उपायुक्त मनरेगा ने बुधवार को सहायक लेखाकारों के संग बैठक कर 31 मार्च तक काम पूरा कराने के निर्देश भी दिए।
वित्तीय वर्ष 2014-15 की समाप्ति को अब कुछ ही दिन बचे हैं। ऐसे में अब अवशेष कार्यों को पूरा कराने पर जोर दिया जा रहा है। इसको लेकर ही उपायुक्त मनरेगा ने बुधवार को विकास भवन सभागार में बैठक की। इसमें विकासखंडों के सहायक लेखाकारों के साथ व्यय राशि और अवशेष कार्यों पर चर्चा की गई।
योजनाओं की समीक्षा में डा. अंबेेडकर विशेष रोजगार योजना में लाभार्थियों के चयन पर भी चर्चा हुई। योजना के अंतर्गत सभी विकासखंडों से 15-15 लाभार्थियों का चयन किया जाना है। इसको लेकर अन्य विकासखंडों से तो लाभार्थियों का चयन कर सूची भेज दी गई लेकिन कोथावां विकासखंड से सिर्फ एक ही लाभार्थी का चयन किया गया।
ऐसे में उपायुक्त मनरेगा ने यहां के खंड विकास अधिकारी और सहायक विकास अधिकारी पंचायत को प्रतिकूल प्रविष्टि दे दी। उन्होंने सभी विकास कार्यों को 31 मार्च से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त स्वत: रोजगार राजेश त्रिपाठी ने भी दिशा निर्देश दिए।