मल्लावां। नाली साफ करने के विवाद में कुछ लोगों ने हरपुरा गांव में एक मकान पर धावा बोल दिया।
जमकर मारपीट हुई। एक पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। इनमें से नौ को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना में 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से चार लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना का पता चलने पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी रात में ही मौके पर पहुंचे और जांच की।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के हरपुरा गांव निवासी राधेश्याम ने बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाले प्रधान प्रतिनिधि विपिन यादव व वाहिद से नाली साफ करने को लेकर विवाद हो चुका था। शनिवार रात लगभग आठ बजे इसी रंजिश में विवाद हो गया। विवाद होने के कुछ देर बाद वाहिद अपने पुत्र नबीजन, सफीजन, तौहीद, शाहिद उर्फ राजा, मुईद, प्रधान प्रतिनिधि विपिन यादव, गांव के ही इरशाद, सफीजन की पत्नी गुलफसा, गांव के ही प्रकाश और उसका भाई रूप नारायण राधेश्याम के घर में लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर घुस गए। इन लोगों ने हमला कर दिया।
घटना में राधेश्याम, उसकी पत्नी सुधा, राधेश्याम के भाई मुन्ना और नंदलाल, पुत्र दीपक, मुन्ना की पत्नी सोनकली और पुत्र संदीप व अमित, नंदलाल के पुत्रों दिनेश और राज कुमार, संजय की पत्नी सुमन और पुत्री संजना घायल हो गईं। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी बचाने आए, तो आरोपी भाग गए। रात में ही एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां से राज कुमार, दीपक, संदीप और मुन्ना को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में नबीजन, सफीजन, तौहीद, शाहिद, मुईद, इरशाद, प्रकाश, रूप नारायण और प्रधान प्रतिनिधि विपिन यादव शामिल हैं। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेंद्र ने बताया कि गिरफ्तार किए गए नौ लोगों को जेल भेज दिया गया है। घायलों का मेडिकल कराया गया है।