भरावन(हरदोई)। अतरौली थाना क्षेत्र के हरपालपुर पट्टी गांव में रविवार की दोपहर अज्ञात कारणों से एक घर में आग लग गई। हवा के झोेकों सेे आग ने पड़ोस के पांच घरों को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल न पहुंचने पर ग्रामीणों ने खासी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक पांचों घरों की गृहस्थी जलकर राख हो गई। पीड़ितों के अनुसार आग से 35 हजार की नगदी समेत करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
हरपालपुर पट्टी गंाव निवासी अंबर पुत्र टिकन के घर पर रखे छप्पर में दोपहर करीब साढ़े बारह बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। तेज हवाओं से विकराल हुई आग ने पड़ोस में रह रहे गणेश, रामदयाल,चुन्ना, सुनील आदि के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अंबर ने बताया कि उसके घर में रखे करीब 20 क्विंटल गेहूं व नगदी समेत गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। वहीं गणेश ने बताया कि कमरा बनवाने के लिए 30 हजार रुपये बैंक से निकाल कर लाया था। आग में यह रुपये जल गए। दो क्विंटल गेहूं और घर का सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया। रामदयाल ने बताया कि दो क्विंटल गेहूं व पांच हजार रुपये नगद समेत घर का सारा सामान जल गया। चुन्ना व सुनील के घर में रखा गेहूं व नगदी सहित सारा सामान आग में स्वाहा हो गया। दमकलन पहुंचने से सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के साथ आग बुझाने में मदद की। क्षेत्रीय लेखपाल ने आग से हुए नुकसान की पड़ताल की।