मल्लावां। पति के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बाइक से घर लौट रही आशा रास्ते में खड़ी कार का दरवाजा अचानक खुलने से गिर गई। पीछे से आए ट्रक ने उसे कुचल दिया। अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मढ़िया मजरा हर्रैया निवासी संजू देवी (45) पत्नी बृजभान अवस्थी आशा थीं। रविवार दोपहर वह पति के साथ सीएचसी से बाइक से घर लौट रहीं थीं। मल्लावां कस्बे के चौराहे के निकट चालक ने अचानक कार का दरवाजा खोल दिया, जिससे टकराकर संजू देवी सड़क पर जा गिरीं।
इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। लगभग आधा घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने संजू को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सक ने संजू को मृत घोषित कर दिया। मृतका के परिवार में दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। घटना के बाद कार चालक भाग गया, जबकि ट्रक को पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस ने घायल को मृत समझा, अस्पताल ले जाने में हो गई देरी
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल संजू आधे घंटे तक सड़क पर पड़ी रही। मदद के लिए पति बृजेंद्र गुहार लगाता रहा और फोन करता रहा। आधा घंटे बाद पहुंची पुलिस ने महिला को मृत मानकर बैग में पैक कर दिया। पति ने विरोध किया तो घायल को सीएचसी पहुंचाया। वहां चिकित्सक नहीं मिले। आधा घंटे बाद इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक मौके पर पहुंचे और हालत गंभीर बताकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। तब तक महिला की सांसें थम गईं।